November 25, 2026

खरसिया में शराब पीने से रोकने पर बेटे ने पिता की टंगिया से हत्या की, आरोपी फरार रायगढ़.

1 min read

खरसिया में शराब पीने से रोकने पर बेटे ने पिता की टंगिया से हत्या की, आरोपी फरार

रायगढ़. खरसिया थाना क्षेत्र के रानीसागर गांव में मंगलवार रात शराब पीने से रोकने पर एक बेटे ने अपने प्रौढ़ पिता की टंगिया से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रानीसागर गांव निवासी धरम उर्फ श्रवण गिरी (55+) मंगलवार रात अपने घर पर पत्नी शैलेन्द्र गिरी, बहू पुष्पा, पोता दिलेश्वर गिरी और पोती रानी गिरी व ज्योति गिरी के साथ थे। रात करीब 8:30 बजे उनका बेटा राजकुमार गिरी शराब के नशे में घर आया। इस पर पिता धरम गिरी ने उसे समझाया कि पूजा-पाठ का दिन है और वह रोज शराब पीकर आता है, घर चलाने के लिए पैसे नहीं हैं। इससे राजकुमार आक्रोशित हो गया और पिता से मारपीट करने लगा। रात करीब 9 बजे धरम गिरी अपनी पत्नी शैलेन्द्र गिरी के साथ सरपंच के घर शिकायत करने जा रहे थे। तभी पीछे से राजकुमार हाथ में टंगिया लेकर आया और धमकी देते हुए बोला कि तुम लोग शिकायत करने जा रहे हो। सरपंच के घर के गेट के पास ही राजकुमार ने पिता धरम गिरी के सिर पर टंगिया से दो-तीन बार वार किया, जिससे वे खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गए। पिता के जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी राजकुमार ने तीन-चार बार और टंगिया से सिर और पीठ पर गंभीर वार किए, जिससे धरम गिरी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी राजकुमार मौके से फरार हो गया। पत्नी शैलेन्द्र गिरी की खबर पर एसडीओपी खरसिया, थाना प्रभारी खरसिया और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। खरसिया थाना में आरोपी राजकुमार गिरी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 604/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी की पतासाजी में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *