गांजा तस्करी करने वाले दो तस्कर पकड़ाए, चार किलो गांजा जब्त
- पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर की कार्रवाई, आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
रायगढ़. जूटमिल पुलिस ने दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 किलो 068 ग्राम गांजा जब्त किया। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते 26 नवंबर को जूटमिल थाना को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति सारंगढ़ रोड से यात्री बस में गांजा लेकर ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड आ रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने तत्काल पुलिस टीम को मौके पर भेजा। पुलिस टीम ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड पहुंची, जहां मुखबिर द्वारा बताए हुलिए के दो व्यक्ति बस से उतरकर बजरंगपारा की ओर जा रहे थे। पुलिस टीम ने उन्हें ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के सामने बजरंगपारा मैदान में रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम गोविन्द भ_ उर्फ बुटू (56 वर्ष) और मंजे देवार (26 वर्ष) बताया। दोनों सोनुमुड़ा देवारपारा वार्ड क्रमांक 38, थाना जूटमिल, रायगढ़ के निवासी हैं। उनकी तलाशी लेने पर खाकी और हरे रंग की पन्नियों में लिपटा गांजा बरामद हुआ। गांजे का कुल वजन 4 किलो 068 ग्राम था, जिसकी अनुमानित कीमत 60 हजार रुपए है। थाना जूटमिल में दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
