दोस्ती और नजदीकी की कहानी बदनामी में बदली, सलाखों के पीछे पहुंचा आरोपी
1 min read
युवती से छेड़खानी, फोटो स्टेटस पर डालकर बदनाम किया, युवक गिरफ्तार
महिला थाना की त्वरित कार्रवाई, छेड़खानी और बदनाम करने वाला युवक न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
रायगढ। युवती से छेड़खानी और उसकी फोटो मोबाइल स्टेटस पर डालकर बदनाम करने के आरोप में महिला थाना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक अजीत मालाकार (24) है, जो ग्राम सेमरा, पुसौर का निवासी है और वर्तमान में चांदमारी, थाना सिटी कोतवाली, रायगढ़ में रहता है। उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। महिला थाना से मिली जानकारी के अनुसार, युवती (20) ने 27 नवंबर 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। युवती ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व अजीत मालाकार से उसकी जान-पहचान थी और वे बातचीत करते थे। परिजनों को जानकारी होने पर युवती ने अजीत से दूरी बना ली थी, लेकिन इसके बावजूद युवक लगातार फोन कर उसे परेशान कर रहा था। युवती ने बताया कि 4 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे अजीत उसके घर पहुंचा। बातचीत नहीं करने पर बदनाम करने की धमकी देते हुए उसने गलत नीयत से युवती का हाथ एवं बांह पकड़कर छेड़खानी की। इतना ही नहीं, युवक ने युवती की फोटो अपने मोबाइल के स्टेटस पर डालकर उसे बदनाम करने का प्रयास भी किया। युवती की लिखित शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में धारा 78(1)(ii), 74 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम रवाना की। पुलिस टीम ने युवक अजीत मालाकार के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक परमेश्वर गुप्ता, संदीप भगत, प्रमिला महंत एवं महिला थाना के अन्य स्टाफ की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही।
