November 2, 2026

पत्नी पर जानलेवा हमला: फरार पति गिरफ्तार, जेल भेजा

1 min read

पत्थलगांव में मामूली बात पर पत्नी के सिर पर पाना से हमला

जशपुर। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम झक्कड़पुर में एक 36 वर्षीय पति ने मामूली बात पर अपनी पत्नी के सिर पर लोहे के रिंग पाना से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद से फरार चल रहे पति को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 3 अगस्त 2026 की रात करीब 10 बजे की है। प्रार्थी जयराम तिर्की (32 वर्षीय) ने 4 अगस्त को थाना पत्थलगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसके भाई करम साय तिर्की (36 वर्षीय) ने अपनी पत्नी नबिना तिर्की के सिर पर लोहे के रिंग पाना से हमला कर दिया था। प्रार्थी के पिता सुखसाय तिर्की ने बताया कि करम साय अपने किसी सामान को खोज रहा था। जब उसकी पत्नी नबिना ने पूछा कि वह क्या खोज रहा है, तो वह आक्रोशित हो गया। आरोपी पति ने नबिना को जान से मारने की धमकी देते हुए उसके सिर पर तीन बार वार किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घायल नबिना तिर्की को तत्काल डिवाइन अस्पताल पत्थलगांव में भर्ती कराया गया। रिपोर्ट के आधार पर थाना पत्थलगांव में धारा 109(1) बी.एन.एस. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। घटना के बाद से करम साय तिर्की फरार था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।

30 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम झक्कड़पुर में घेराबंदी कर करम साय तिर्की को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का रिंग पाना भी जब्त कर लिया। पर्याप्त सबूत पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *