कांग्रेस का गढ़ साधने भाजपा झोंक रही ताकत
1 min read
कांग्रेस के गढ़ धरमजयगढ़ में भाजपा की दस्तक
भाजपा जनजातीय गौरव दिवस से परख रहे तैयारी
रायगढ़. धरमजयगढ़ विधानसभा सीट कांग्रेस के लिए एक मजबूत गढ़ रही है, जहां कांग्रेस पार्टी का प्रभुत्व कायम है। वर्ष 1977 में स्व चनेश राम राठिया ने इस सीट से कांग्रेस के टिकट पर जीत हासिल की और लगातार छह बार विधायक चुने गए। वर्ष 2000 में जब छत्तीसगढ़ मध्य प्रदेश से अलग होकर नया राज्य बना और स्व अजीत जोगी मुख्यमंत्री बने, तब स्व चनेश राम राठिया को पशु पालन मंत्री का दायित्व सौंपा गया। हालांकि, 2003 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को इस सीट पर हार का सामना करना पड़ा और भाजपा के स्व ओम प्रकाश राठिया ने जीत दर्ज की। उन्होंने 2003 से 2013 तक लगातार दो बार इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। 2013 के चुनाव में स्व चनेश राम राठिया के बेटे लालजीत सिंह राठिया ने कांग्रेस के लिए यह सीट पुन: जीती। वे 2013 से अब तक तीन बार इस सीट से विधायक चुने जा चुके हैं, जिससे धरमजयगढ़ पर कांग्रेस का वर्चस्व और मजबूत हुआ है। यह विधानसभा क्षेत्र आदिवासी बाहुल्य है। वर्तमान में भाजपा यहां जनजातीय गौरव दिवस के रूप में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित कर रही है। बुधवार को भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति र्ईरानी ने इस कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए धरमजयगढ़ का दौरा किया। राजनीतिक विश्लेषक भाजपा के इस आयोजन को कांग्रेस के इस परंपरागत और मजबूत गढ़ में अपनी पैठ बनाने के प्रयास के रूप में देख रहे हैं।
स्मृति ईरानी ने धरमजयगढ़ सभा स्थल का निरीक्षण किया
भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने बुधवार को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आगामी 15 नवम्बर को होने वाले जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम के सभास्थल का निरीक्षण किया। 15 नवम्बर को इस कार्यक्रम में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होंगे। इरानी ने कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक, सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा और यातायात व्यवस्था सहित सभी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि जनजातीय गौरव दिवस समारोह को भव्य और सुव्यवस्थित रूप से आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह जनजातीय महापुरुषों, विशेषकर बिरसा मुण्डा के त्याग, बलिदान और गौरवशाली इतिहास को याद करने का पर्व है। भाजपा पदाधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्यक्रम की सफलता में जुट जाएं।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान, संभाग प्रभारी रामू रोहरा, जिला प्रभारी प्रशांत ठाकुर, जिला अध्यक्ष रायगढ़ अरुण धर दीवान सहित कोरबा, जशपुर, सरगुजा जिलों के विधायक और जिला भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद थे।
हेलीकॉप्टर से पहुंची थी धरमजयगढ़
भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी हेलीकॉटर से १०.५१ में धरमजयगढ़ पहुंची। यहां जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों का जायजा लिया। दोपहर में भोजन के बाद वे २.४६ में हेलीकॉप्टर से रायपुर चली गई। वे करीब पौने चार घंटे सभा स्थल पर रहीं।
