November 17, 2026

शिक्षक ने छह साल की छात्रा से की अशोभनीय हरकत

पीडि़ता की दादी की शिकायत पर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई 

पोक्सो एक्ट में गिरफ्तार 

रायगढ़. जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में एक स्कूल में शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। प्राथमिक शाला में पदस्थ 52 वर्षीय शिक्षक को एक बालिका से अशोभनीय हरकत करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। घरघोड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की पहचान अजय कुमार भट्ट (52), निवासी खरसिया, हाल मुकाम घरघोड़ा थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। यह घटना 12 नवंबर को दोपहर में हुई थी, जब शिक्षक अजय कुमार ने करीब छह वर्ष चार माह की बालिका को और कक्षा के एक अन्य बालक को किसी अन्य स्थान पर ले गया। वहां शिक्षक कुर्सी पर बैठा और अपने निजी अंग दिखाए। मामले का खुलासा तब हुआ जब 13 नवंबर को बालिका की दादी ने उसे स्कूल जाने को कहा। बालिका ने स्कूल जाने से मना कर दिया और अपनी दादी को आपबीती बताई। बालिका की बात सुनकर दादी ने गांव के प्रमुख लोगों को इस घटना की जानकारी दी और तत्काल डायल 112 को सूचना दी। डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर महिला को शिकायत दर्ज कराने घरघोड़ा थाना पहुंचाया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अजय कुमार भट्ट के विरुद्ध धारा 74, 8, 12 पोक्सो अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने तत्काल आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ और विवेचना के बाद आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *