ओपी जिंदल क्रिकेट एकेडमी से प्रशिक्षित राहुल का रणजी में चयन
1 min read
ओपी जिंदल एकेडमी के राहुल रणजी में चमके, सक्षम वीनू मांकड़ ट्रॉफी में चयनित
रायगढ़ जिंदल पावर तमनार द्वारा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने के लिए ओपी जिंदल क्रिकेट एकेडमी का संचालन किया जा रहा है। यहां प्रशिक्षण से खिलाड़ियों को अलग-अलग मंचों पर खेलने का अवसर मिल रहा है। ओपी जिंदल क्रिकेट एकेडमी घरघोड़ा से प्रशिक्षित राहुल प्रधान का चयन छत्तीसगढ़ रणजी टीम में हुआ है। राहुल प्रधान अभी गुजरात में चल रही रणजी ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की ओर से खेल रहे हैं। प्रतियोगिता के तीसरे दिन उन्हें बल्लेबाजी का अवसर मिला। आठवें नंबर पर आकर उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की और भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा जैसे गेंदबाजों का सामना करते हुए नाबाद 41 रन बनाए। जिंदल फाउंडेशन की चेयरपर्सन शालू जिंदल के निर्देश में खेल के क्षेत्र में भी कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में जिंदल फाउंडेशन द्वारा घरघोड़ा में ओपी जिंदल क्रिकेट एकेडमी का संचालन किया जा रहा है। यहां क्षेत्र के खिलाड़ियों को क्रिकेट की बारीकियों से अवगत कराकर उन्हें बड़े मंचों के लिए तैयार किया जा रहा है। एकेडमी के एक अन्य खिलाड़ी सक्षम चौबे का चयन वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए हुआ है। सक्षम बाएं हाथ के गेंदबाज हैं और अंडर 19 में बिलासपुर की ओर से खेलते हैं। शालू जिंदल ने दोनों खिलाड़ियों के चयन पर हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर दोनों खिलाड़ियों का फोटो साझा करते हुए शुभकामनाएं दी हैं और कहा कि जिंदल फाउंडेशन प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए हमेशा कार्य करता रहेगा।
