October 24, 2026

NH – 130 पर हाथियों की आवाजाही, क्रॉसिंग व्यवस्था पर सवाल 

1 min read

हाथी सडक़ पार कर रहे, सुरक्षा पर उठे सवाल 

रायगढ़. भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन एनएच-130्र पर हाथियों की आवाजाही ने वन्यजीव सुरक्षा और सडक़ निर्माण की व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं। धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र के सिसरिंगा-तेजपुर के पास हाथियों द्वारा सडक़ पार करने की एक तस्वीर सामने आई है।

इस स्थान पर वाहनों का आवागमन आरंभ हो चुका है। सडक़ निर्माण से जुड़ी कंपनी डीबीएल का कहना है कि सडक़ का कार्य अभी जारी है और इसे आधिकारिक रूप से चालू नहीं किया गया है। कंपनी ने यह भी बताया कि संबंधित स्थान से कुछ दूरी आगे एलिफेंट क्रॉसिंग बनाई गई है, लेकिन सवाल यह है कि यदि हाथियों की आवाजाही इसी स्थान से हो रही है, तो उनके लिए निर्धारित क्रॉसिंग आगे क्यों बनाई गई है? क्या वन विभाग ने हाथियों के वास्तविक आवाजाही मार्ग का अध्ययन कर क्रॉसिंग का स्थान निर्धारित किया था? यह मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि भविष्य में एनएच-130 पर यातायात बढऩे और वाहनों की गति 80-100 किलोमीटर प्रति घंटा होने की संभावना है। ऐसे में यदि हाथी बिना क्रॉसिंग वाले स्थान से गुजरते हैं, तो हाथियों के साथ-साथ वाहन चालकों के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। वन विभाग और संबंधित सडक़ निर्माण एजेंसी को संयुक्त रूप से स्थल का निरीक्षण कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्हें यह बताना होगा कि सिसरिंगा-तेजपुर के पास हाथियों की आवाजाही वाले इस स्थान का सर्वे कब किया गया, हाथियों के आवागमन का रेकॉर्ड क्या है और एलिफेंट क्रॉसिंग का स्थान किस आधार पर तय किया गया। सडक़ पूरी तरह शुरू होने से पहले सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *