ऑपरेशन प्रहार: पूंजीपथरा में 17 टन स्क्रैप कबाड़ लदा ट्रक जब्त
1 min read
तमनार चौक पर 12 चक्का ट्रक जब्त, चालक वैध दस्तावेज नहीं दे सका; 5.29 लाख का कबाड़
रायगढ़. रायगढ़ जिले में अवैध कबाड़ परिवहन और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार, 24 अक्टूबर 2026 को पूंजीपथरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने 17.650 टन स्क्रैप कबाड़ से लदे एक 12 चक्का ट्रक को जब्त किया है। जब्त कबाड़ की अनुमानित कीमत 5,29,500 रुपए है।
पुलिस के अनुसार, वाहन चालक कबाड़ के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर चोरी का माल होने के संदेह में पुलिस ने ट्रक और कबाड़ को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की। पूंजीपथरा थाना प्रभारी रामकिंकर यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक CG 13 LA 2763 में स्क्रैप कबाड़ लोड कर परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पूंजीपथरा पुलिस ने तमनार चौक के पास सड़क पर घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोका और जांच की। चालक ने अपना नाम रमेश यादव, पिता डल्लू यादव, उम्र 45 वर्ष, निवासी रसूलपुर, थाना सरायमीर, जिला आजमगढ़, उत्तर प्रदेश बताया। कबाड़ के संबंध में वैध कागजात न मिलने पर गवाहों के समक्ष विधिवत जब्ती कार्रवाई की गई।
पुलिस ने 17.650 टन स्क्रैप कबाड़ और परिवहन में प्रयुक्त 12 चक्का ट्रक जब्त किया। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(क), 35(ड) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पूंजीपथरा पुलिस द्वारा अवैध कबाड़ परिवहन पर निगरानी जारी रहेगी।
