अपराध पर नकेल कसने तीन राज्यों की पुलिस ने तैयार की रणनीति
1 min read
अपराध पर नकेल कसने तीन राज्यों की पुलिस ने तैयार की रणनीति
सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ेंगे चेकपोस्ट
जशपुरनगर. अंतर्राज्यीय सीमाओं का लाभ उठाकर तस्करी और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वाले गिरोहों पर अब छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा की पुलिस मिलकर शिकंजा कसेगी। गांजा तस्करी, गौ-तस्करी, अवैध खनिज परिवहन और धान की अवैध आवाजाही रोकने के लिए मंगलवार को जशपुर में तीन राज्यों के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक हुई। डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर लाल उमेद सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में अतिरिक्त चेकपोस्ट स्थापित करने और संदिग्ध वाहनों की सघन जांच सहित कई निर्णय किए गए। बैठक में निगरानी बदमाशों, माफियाओं और स्थायी वारंटियों की सूची साझा कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संयुक्त अभियान चलाने पर सहमति बनी। झारखंड के 231 और ओडिशा के 40 व्यक्तियों की सूची प्रस्तुत की गई, जबकि छत्तीसगढ़ के बलरामपुर, सरगुजा और रायगढ़ के 120 व्यक्तियों का विवरण भी साझा किया गया। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने के मद्देनजर दूसरे राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर खपाने वाले बिचौलियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
बढ़ेगी निगरानी
ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते गांजा तस्करी रोकने के लिए अतिरिक्त चेकपोस्ट, वाहनों की सघन जांच और तस्करों का डाटाबेस तैयार करने पर भी सहमति बनी। गौ-तस्करी और अवैध खनिज परिवहन के संभावित मार्गों पर भी संयुक्त निगरानी रखी जाएगी। बैठक में जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल सहित विभिन्न जिलों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
