किराए के मकान में देह व्यापार का अवैध कारोबार
1 min read
ग्राहक बन कर पहुंची पुलिस, आपत्ति जनक अवस्था में मिले महिला पुरुष
ऑपरेशन अंकुश: रायगढ़ में अनैतिक देह व्यापार का भंडाफोड़
रायगढ़ पुलिस ने केलो विहार में अनैतिक देह व्यापार का पर्दाफाश किया,
रायगढ़। शहर में अवैध और अनैतिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत रायगढ़ पुलिस ने कारवाई की है। 18 नवंबर 2026 को पुलिस ने केलो विहार स्थित एक किराए के मकान में अनैतिक देह व्यापार का भंडाफोड़ किया और संचालक गोविंद साहू (52 वर्ष को गिरफ्तार किया। पुलिस को 18 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोईरदादर विजयपुर निवासी गोविंद साहू केलो विहार में गोपीनाथ मेहर का मकान किराए पर लेकर युवतियों के माध्यम से अनैतिक देह व्यापार चला रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में थाना चक्रधरनगर की टीम गठित की गई। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर मकान के अंदर भेजा। पाइंटर से संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मकान को घेरकर दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान में गोविंद साहू के साथ एक युवती और कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं मिलीं। युवती ने पूछताछ में बताया कि संचालक उसे पैसों के लिए अनैतिक कार्य हेतु लाया था। गोविंद साहू ने भी पैसों की आवश्यकता के कारण इसमें संलिप्त होने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ग्राहकों से प्राप्त 2,000 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन जब्त किया। गोविंद साहू के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा सहित पूरी टीम की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही।
