बेमौसम बारिश से धान फसल सुरक्षित रखने प्रशासन अलर्ट
1 min read
बारिश, हवा से धान बचाने को पुख्ता व्यवस्था करें: कलेक्टर
कलेक्टर ने कैप कवर, तिरपाल, जल निकासी के पुख्ता निर्देश दिए; केंद्र प्रभारी मुख्यालय में रहेंगे।
रायगढ़। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और उसके सुरक्षित भंडारण को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है। संभावित मौसमी बदलाव के मद्देनजर कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सभी धान उपार्जन केंद्रों में व्यापक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश किए हैं। उन्होंने कहा कि बारिश, नमी और तेज हवाओं से उपार्जित धान को किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं होना चाहिए। इसके लिए जिले की 79 सहकारी समितियों के अंतर्गत संचालित सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं करने और भंडारित धान की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने सभी उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त कैप कवर, पन्नी और तिरपाल उपलब्ध रखने को कहा है। तेज हवाओं से धान के स्टैक को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें रस्सियों से मजबूती से बांधने के निर्देश हैं। जमीन की नमी और पानी के संपर्क से धान को बचाने के लिए पर्याप्त डनेज अर्थात चबूतरे, लकड़ी अथवा भूसे की परत की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही, उपार्जन केंद्रों के फड़ के आसपास जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने, नालियों की सफाई कराने और बारिश का पानी जमा नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया गया है। धान खरीदी एवं भंडारण व्यवस्था की सतत निगरानी के लिए सभी उपार्जन केंद्र प्रभारियों और समिति कर्मचारियों को 20 से 22 नवंबर तक अनिवार्य रूप से अपने मुख्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश हैं। इस दौरान उन्हें केंद्रों में उपलब्ध धान की सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखनी होगी। इसके अलावा सभी खाद्य अधिकारियों को अपने नोडल अधिकारियों के माध्यम से प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को सभी उपार्जन केंद्रों का अनिवार्य भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिले में अब तक 232 किसानों से 1,308.72 मीट्रिक टन मोटा धान खरीदा जा चुका है। जिला प्रशासन का विशेष जोर धान खरीदी के साथ-साथ उपार्जित धान के सुरक्षित भंडारण पर है, ताकि किसानों की उपज को मौसम की मार से बचाया जा सके और समर्थन मूल्य पर खरीदी की प्रक्रिया सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके।
