October 16, 2026

खाना नहीं पकाने पर पत्नी की फावड़ा मार कर हत्या

1 min read

 

घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या, पति गिरफ्तार 

मामूली विवाद में फावड़े से हमला कर पत्नी की हत्यापुसौर पुलिस की कार्रवाई 

रायगढ़. पुसौर थाना ने ग्राम सूपा में पत्नी की हत्या के मामले में आरोपी पति अमृत लाल महंत को उपचार के बाद गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर मामूली घरेलू विवाद के दौरान फावड़े से हमला कर अपनी 41 वर्षीय पत्नी रूप कुंवर महंत की हत्या करने का आरोप है।

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार 11 अक्टूबर को 25 वर्षीय युवक सूरज दास महंत, निवासी ग्राम सूपा ने थाने में मर्ग दर्ज कराया। उसने बताया कि 10 अक्टूबर की रात लगभग 8:30 बजे वह ड्यूटी से लौटा तो उसकी मां रूप कुंवर महंत घर की परछी में बेहोश पड़ी थीं। उनके कान से खून निकल रहा था और हाथों पर चोट के निशान थे। पिता अमृत लाल महंत से पूछने पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। मां को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण गंभीर रक्तस्राव से उत्पन्न रक्तस्रावी आघात बताया गया। रिपोर्ट एवं परिस्थितियों के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान घर में पति-पत्नी के अलावा किसी अन्य की मौजूदगी सामने नहीं आने पर पुलिस का संदेह मृतका के पति अमृत लाल महंत पर गहराया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना की रात पत्नी खाना पकाने और रिश्तेदार के घर जाने को लेकर विवाद कर रही थी। विवाद बढऩे पर उसने फावड़े से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। पुसौर पुलिस ने आरोपी अमृत लाल महंत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

हत्या के बाद आरोपी पति का बढ़ गया बीपी

घटना के बाद आरोपी का बल्ड प्रेशर अत्यधिक बढ़ जाने और स्वास्थ्य खराब होने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान पुलिस टीम लगातार उस पर निगरानी रखे हुए थी। स्वास्थ्य में सुधार के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त फावड़ा और घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़ों सहित महत्तवपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *