रायगढ़ निगम वेबसाइट पर दिखा पाक झंडे जैसा सिंबल
1 min read
गुरुवार रात वेबसाइट खोलने पर ‘Hacked By OVERTHRASH 1337’ लिखा दिखा, कुछ घंटों में हुई बहाल
रायगढ़। नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर गुरुवार देर रात पाकिस्तान के झंडे जैसा एक सिंबल दिखाई दिया। वेबसाइट खोलने पर स्क्रीन पर ‘Hacked By OVERTHRASH 1337’ लिखा नजर आ रहा था, जिसने अधिकारियों को चौंका दिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम के अधिकारियों ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। कुछ ही घंटों के भीतर वेबसाइट को बहाल कर पुनः शुरू कर दिया गया, जिससे स्थिति सामान्य हुई। मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब आठ बजे जब नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट खोली गई, तो उस पर पाकिस्तानी झंडे जैसा प्रतीक चिन्ह प्रदर्शित हो रहा था। वेबसाइट के भीतर के प्रोग्राम भी ठीक से काम नहीं कर रहे थे। स्क्रीन पर यह स्पष्ट संदेश देखकर निगम के अधिकारी और कर्मचारी हैरान हुए। इसके तत्काल बाद वेबसाइट के होस्ट के माध्यम से इसकी गहन जांच की गई। वेबसाइट को सुचारु करने के लिए उसे तेजी से बहाल किया गया। कुछ ही देर में वेबसाइट दोबारा कार्य करने लगी। नगर निगम के प्रोग्रामर ने बताया कि यह पूर्ण रूप से वेबसाइट हैक होने का मामला नहीं लगता, बल्कि इसमें किसी वायरस या बाहरी छेड़छाड़ की आशंका अधिक है।
