रणजीता स्टेडियम में स्कॉर्पियो से स्टंटबाजी कर बनाई रील 10,300 रुपए का जुर्माना
1 min read
जशपुरयातायात पुलिस की कार्रवाई
सार्वजनिक स्थान पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर हुई कार्रवाई
जशपुर. जशपुर के रणजीता स्टेडियम में स्कॉर्पियो से खतरनाक स्टंटबाजी करना एक युवक को भारी पड़ गया। यातायात पुलिस ने 18 वर्षीय अरमान मनिहार, निवासी विष्णु बगान जशपुर, के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए 10,300 रुपए का समन शुल्क लगाया है। पुलिस ने युवक को भविष्य में यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं करने की समझाइश भी दी।
जशपुर पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को रणजीता स्टेडियम में स्कॉर्पियो चालक सार्वजनिक स्थान पर खतरनाक तरीके से स्टंट कर रहा था। इस तरह की लापरवाही से चालक के साथ आसपास मौजूद लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस ने कार्रवाई की। कार्रवाई में खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर 5,000 रुपए, वाहन का बीमा नहीं होने पर 4,000 रुपए, वैध फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं होने पर 1,000 रुपए तथा यातायात नियमों का पालन नहीं करने पर 300 रुपए का समन शुल्क लगाया गया। चालान की कुल राशि 10,300
रुपए है।
15100 प्रकरण
पुलिस के अनुसार, 1 जनवरी से 20 अक्टूबर 2026 तक यातायात नियमों के उल्लंघन के 15,100 प्रकरणों में कार्रवाई की गई। इस दौरान 68 लाख 32 हजार 500 रुपए का समन शुल्क लगाए जाने की जानकारी दी गई है। ओवरस्पीड, नशे में वाहन चलाने, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग, नो पार्किंग और बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने जैसे मामलों में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि सडक़ पर स्टंटबाजी न करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
