दहेज की बेदी पर चढ़ी नवविवाहिता, फांसी लगाकर दी जान
1 min read
दहेज प्रताडऩा से तंग नवविवाहिता ने लगाई फांसी, पति-सास-ससुर गिरफ्तार
भूपदेवपुर पुलिस ने की कार्रवाई, दो लाख रुपए और कार मांगने पर प्रताडऩा
रायगढ़. भूपदेवपुर पुलिस ने एक नवविवाहिता की फांसी से मृत्यु के मामले में कार्रवाई की है। मर्ग जांच में मृतका को दहेज की मांग को लेकर पति, सास और ससुर द्वारा शारीरिक व मानसिक प्रताडऩा के तथ्य सामने आए। इसके बाद पुलिस ने तीनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 80, 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया। भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के जैमुड़ा गांव निवासी 34 वर्षीय नीता पटेल ने 19 अक्टूबर 2026 की दोपहर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। नीता का विवाह करीब तीन वर्ष पूर्व जैमुड़ा निवासी राकेश पटेल से हुआ था। विवाह के लगभग एक वर्ष बाद से ही पति राकेश पटेल, सास शांति बाई पटेल और ससुर बंधुराम पटेल उसे कम दहेज व मोटरसाइकिल न देने की बात कहकर प्रताडि़त करने लगे। करीब चार-पांच माह पहले आरोपियों ने कार खरीदने के लिए दो लाख रुपए की मांग करते हुए भी नीता के साथ विवाद व मारपीट की। नवविवाहिता की मृत्यु के बाद कार्यपालिक मजिस्ट्रेट ने पंचनामा कार्रवाई की। पोस्टमार्टम में मृत्यु का कारण फांसी लगाना बताया गया। मर्ग जांच में परिजनों ने लगातार दहेज प्रताडऩा को आत्महत्या का कारण बताया। मर्ग जांच के साक्ष्यों के आधार पर थाना प्रभारी भूपदेवपुर निरीक्षक रोशन कौशिक ने 4 नवंबर को पति राकेश पटेल, सास शांति बाई पटेल और ससुर बंधुराम पटेल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 80, 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव ने अग्रिम विवेचना की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 7 नवंबर 2026 को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा। गिरफ्तार आरोपियों में 34 वर्षीय राकेश पटेल पुत्र बंधुराम पटेल, 56 वर्षीय बंधुराम पटेल पुत्र स्व. संपतलाल और 52 वर्षीय शांति बाई पटेल पत्नी बंधुराम पटेल शामिल हैं। तीनों जैमुड़ा, थाना भूपदेवपुर, रायगढ़ के निवासी हैं।
