ओडिशा से महाराष्ट्र गांजा तस्करी, रायगढ़ में पकड़ाए
1 min read
रायगढ़ में पांच गांजा तस्कर गिरफ्तार, 25 किलो जब्त
करीब 25 किलो गांजा और तीन मोबाइल फोन जब्त, कुल कीमत 5 लाख 82 हजार
रायगढ़। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर से पांच अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया। इनमें चार युवक और एक किशोर शामिल है। पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में कुल 25.175 किलोग्राम गांजा और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 5 लाख 82 हजार रुपये है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ओडिशा के संबलपुर से गांजा खरीदकर ट्रेन से रायगढ़ पहुंचे थे। यहां से वे पुणे (महाराष्ट्र) जाने की तैयारी में थे, लेकिन रास्ते के खर्च के लिए रेलवे स्टेशन के बाहर गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।
पहली कार्रवाई में, 20 नवंबर 2026 को पुलिस को रेलवे स्टेशन के सामने शिव मंदिर के पास तीन व्यक्तियों के गांजा के साथ बैठे होने की सूचना मिली। घेराबंदी कर अमोल बबन धोत्रे (29), सागर लक्ष्मण गायकवाड़ (18) और शुभम नंदू गुंजाल (23) को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 20.434 किलोग्राम गांजा और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। दूसरी कार्रवाई में, रेलवे स्टेशन के मोटरसाइकिल स्टैंड के पास से इम्तियाज रफिक ईनामदार (21) और एक 16 वर्षीय किशोर को पकड़ा गया। इनके पास से 4.741 किलोग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन मिला। सभी आरोपी पुणे, महाराष्ट्र के निवासी हैं। कोतवाली थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, विजय एक्का, दिलसिंह कंवर, जगदेव मरकाम, सहायक उप निरीक्षक कोसो सिंह जगत, आरक्षक जितेन्द्र दुबे, गणेश राम राठिया, अमित खलखो, नितेश लकड़ा और प्रेमसाय उरांव की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही।
