October 16, 2026

बिजली कटौती से किसान परेशान, आंदोलन की चेतावनी 

बिजली कटौती से किसान परेशान, आंदोलन की चेतावनी

किसान नेता के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बिजली विभाग को ज्ञापन सौंपा

तत्काल सुधार की मांग की

रायगढ़. जिले के झलमला सब स्टेशन से जुड़े १६ गांव में अघोषित बिजली कटौती से किसान परेशान हैं। इस समय फसलों की सिंचाई के लिए नियमित बिजली की आवश्यकता है, लेकिन बिजली कटौती के कारण खेतों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे फसलों को नुकसान होने की आशंका है। अघोषित कटौती के कारण ग्रामीणों के रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हो रहे हैं। समस्या को लेकर किसान नेता लल्लू सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों और युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने बिजली विभाग के कार्यपालन अभियंता को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। किसान नेता लल्लू सिंह ने बताया कि नेतनागर में कई बार मांग करने के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है। बिंजकोट गांव में भी बिजली से जुड़ी समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से इन समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की है।

यहां ज्यादा समस्या

बिजली कटौती से झलमला, मिडमिडा, मालदा, डुमरमुड़ा, दर्रमुड़ा, गुडग़हन, केशला, नवापाली, बोर्डीही, बिंजकोट, धनुवाडेरा, एकताल, बड़मल, रेंगालपाली, नेतानगर और भाठनपाली सहित १६ गांव के लोग प्रभावित हैं। ग्रामीणों ने कहा है कि अगर बिजली व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *