रहे सावधान : रायगढ़ पुलिस ने बनाई ‘मां दुर्गा वाहिनी’
1 min read
महिला सुरक्षा को बल पंडालों-गरबा स्थलों पर करेंगी गश्त
रायगढ़. नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के दौरान महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रायगढ़ पुलिस ने विशेष पहल की है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर महिला पुलिस की दो विशेष पेट्रोलिंग टीमें गठित की गई हैं, जिन्हें ‘मां दुर्गा वाहिनी’ नाम दिया गया है। ये टीमें शहर के विभिन्न दुर्गा पंडालों और गरबा स्थलों पर लगातार पेट्रोलिंग कर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी, समाजकंटकों पर नजर रखेंगी व आवश्यकता पडऩे पर तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराएंगी। विशेष पेट्रोलिंग के लिए गठित पहली टीम की प्रभारी उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर, थाना कोतरारोड, और दूसरी टीम की प्रभारी सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, महिला थाना, को बनाया गया है। दोनों टीमों में महिला एवं पुरुष आरक्षक शामिल रहेंगे, जो दोपहिया वाहनों से शहर के प्रमुख दुर्गा पंडालों, गरबा स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतत पेट्रोलिंग करेंगे। आज पुलिस कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने ‘मां दुर्गा वाहिनी’ की दोनों विशेष पेट्रोलिंग टीमों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सभी दुर्गा पंडालों और गरबा स्थलों पर नियमित भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने तथा महिलाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही, सभी दुर्गा पंडालों में पुलिस सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबरों वाले पोस्टर लगाने को कहा।
सहायता के लिए यहां करें संपर्क
पुलिस सहायता के लिए हेलो सिस्टर हेल्पलाइन नंबर 9479270533 तथा पुलिस कंट्रोल रूम रायगढ़ नंबर 9479193299 जारी किए गए हैं। इन नंबरों के माध्यम से महिलाएं सुरक्षा संबंधी समस्या अथवा किसी भी आपात स्थिति में पुलिस से संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
विशेष पेट्रोलिंग टीम रवाना
निर्देशों के बाद शुक्रवार की शाम एसएसपी शशि मोहन सिंह ने ‘मां दुर्गा वाहिनी’ की विशेष पेट्रोलिंग टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) पुष्पेन्द्र बघेल, डीएसपी उन्नति ठाकुर, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, आरआर अमित सिंह तथा थाना प्रभारी किशोर केरकेट्टा सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
क्या कहते हैं एसएसपी सिंह
एसएसपी शशि मोहन सिंह का कहना है कि नवरात्रि एवं दशहरा उत्सव के दौरान महिलाओं की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। दुर्गा पंडालों और गरबा स्थलों पर महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विशेष पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है। किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़ या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। रायगढ़ पुलिस आपकी सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है।
