राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर बढ़ाया रायगढ़ का मान
रायगढ़। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में रायगढ़ के होनहार खिलाड़ी वेदांत साहू ने ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। वेदांत ने बिलासपुर जोन की ओर से अंडर-14 आयु वर्ग में भाग लेते हुए यह उपलब्धि हासिल की और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता (नेशनल) में अपनी जगह सुनिश्चित की।
वेदांत साहू की इस शानदार सफलता से रायगढ़ जिले में हर्ष का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि को जिले के खेल जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। स्वर्ण पदक जीतकर नेशनल प्रतियोगिता के लिए चयनित होना वेदांत की मेहनत, लगन, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
रायपुर में आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन मुख्य अतिथि पूर्व सांसद और रायपुर विधायक सुनील सोनी की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी राम जी सतीश कुमार, सहायक जिला शिक्षा अधिकारी छाया प्रकाश राव तथा संचालक राकेश मिश्रा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
वेदांत साहू की इस उपलब्धि की जानकारी रायगढ़ के ताइक्वांडो कोच विकास सिंह एवं लता श्रीवास और नटवर आत्मानंद हाई. स्कूल रायगढ़ स्पोर्ट्स टीचर अभिषेक गुप्ता ने दी। उन्होंने वेदांत के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे गौरव का विषय बताया।
वेदांत साहू की इस सफलता से रायगढ़ जिले का नाम खेल जगत में रोशन हुआ है। अब राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में वेदांत से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई एवं आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी जा रही हैं।