रायगढ़ जिले में दो सड़क हादसा, तीन की मौत, दो गंभीर
1 min read
छाल थाना क्षेत्र में मंगलवार रात हुई घटनाएं, मेला देखने जा रहे थे मृतक
रायगढ़। जिले में मंगलवार रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए रायपुर भेजा गया है। सभी मृतक मेला देखने जा रहे थे। दोनों घटनाएं छाल थाना क्षेत्र में हुईं। पहली घटना छाल के अस्पताल पारा के पास हुई। जानकारी के अनुसार, बेहरामार निवासी किशोर कृष्णा राठिया (15), बांसाझर निवासी युवक जितेंद्र राठिया (22), धर्मेंद्र राठिया और कुंदन राठिया एक ही बाइक पर सवार होकर मेला देखने छाल जा रहे थे। इसी दौरान अस्पताल पारा पास उनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़ी ट्रक से पीछे से टकरा गई। इस हादसे में कृष्णा और जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि धर्मेंद्र और कुंदन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रायपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतकों के शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बाइक की ठोकर से एक की मौत

दूसरी घटना छाल चौक के पास हुई। छाल निवासी वृद्ध चंद्रदेव सिंह ठाकुर (65) मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे अपने परिवार के साथ पैदल मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक चालक जोबी क्षेत्र का रहने वाला है। सूचना मिलने पर पुलिस ने इस मामले में भी आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
