ट्रेलर चालक से लूट करने वाले छह आरोपी गिरफ्तार
1 min readलूटे गए मोबाइल के सिम कार्ड से आरोपियों तक पहुंची पहुंची
पांच खरीददार भी पकड़े गए
रायगढ़. जूटमिल पुलिस ने ट्रेलर चालक से मोबाइल और नगदी लूटने के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा है। पुलिस ने लूटे गए मोबाइल में इस्तेमाल दूसरे सिम कार्ड के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई। इस कार्रवाई में लूट को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी शनि केंवट सहित लूटे गए मोबाइल की खरीद-बिक्री में शामिल पांच अन्य आरोपी भी पकड़े गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 29 वर्षीय युवक दीपक कुमार ने जूटमिल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 10 अक्टूबर को तडक़े करीब 5 बजे अमलीभौना के शीला पेट्रोल पंप के पास तीन अज्ञात व्यक्तियों ने चाकू दिखाकर उसका मोबाइल फोन और 200 रुपए नकद लूट लिए थे। शिकायत पर जूटमिल थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान, पुलिस ने लूटे गए मोबाइल में लगे दूसरे सिम कार्ड के नंबर से पड़ताल की। यह सिम मोबाइल दुकान संचालक नीरज परियानी के नाम पर पंजीकृत मिला। नीरज से पूछताछ में उसने बताया कि उसके कर्मचारी भुवन निषाद ने यह मोबाइल बेचा था। कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पुलिस भुवन निषाद, रोहित दुलेवाले, संजय कुमार सिंह और आकाश डेविड तक पहुंची, जिन्होंने यह मोबाइल खरीदा था। आकाश डेविड ने बताया कि उसने यह मोबाइल मुख्य आरोपी शनि केंवट से 3,000 रुपए में खरीदा था। शनि केंवट ने पूछताछ में अपने दो साथियों के साथ मिलकर लूट को अंजाम देना स्वीकारा।
पुलिस ने दी चेतावनी
पुलिस ने मोबाइल और लूट की रकम से खरीदा गया मोबाइल भी जब्त किया है। आरोपी नीरज परियानी, भुवन निषाद, रोहित दुलेवाले, संजय कुमार सिंह और आकाश डेविड पर चोरी या लूट की संपत्ति जानते हुए खरीदने के आरोप में धारा 317(2) भारतीय न्याय संहिता जोड़ी गई है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लोगों को चोरी की संपत्ति न खरीदने की चेतावनी दी है।
