October 22, 2026

मुख्यमंत्री साय ने बिलाईगढ़ दशहरा उत्सव में की पांच विकास घोषणाएं 

1 min read

अपर कलेक्टर कार्यालय, गौरव पथ, पुल, मुक्तिधाम व डोम शेड निर्माण से क्षेत्र का विकास 

सारंगढ़-बिलाईगढ़. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 21 अक्टूबर को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के नगर पंचायत बिलाईगढ़ के रैनीभाठा में आयोजित ऐतिहासिक राजशाही दशहरा उत्सव में शामिल हुए। मुख्यमंत्री साय ने राजपरिवार और आयोजन समिति को परंपरा बनाए रखने के लिए धन्यवाद दिया, साथ ही क्षेत्रवासियों से भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने बिलाईगढ़ के विकास के लिए पांच महत्त्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय, बस स्टैंड से हायर सेकेंडरी स्कूल तक तीन करोड़ रुपए का गौरव पथ, वार्ड क्रमांक 15 में मुक्तिधाम, राजमहल मार्ग पर पुल तथा मां समलाई माता मंदिर के पास डोम शेड निर्माण शामिल हैं। इन घोषणाओं से प्रशासनिक सुविधाएं, सडक़ अधोसंरचना और सार्वजनिक व्यवस्थाओं का विस्तार होगा। साय ने कहा कि विजयादशमी अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का पर्व है। उन्होंने समाज में प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा देने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के साथ भगवान श्रीराम के गहरे संबंधों का उल्लेख किया और श्रीरामलला दर्शन योजना की जानकारी दी। उन्होंने बस्तर में नक्सलवाद के विरुद्ध मिली सफलताओं और प्रधानमंत्री अवास योजना सहित राज्य सरकार की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। इस अवसर पर विधायक डॉ. सनम जांगड़े ने मुख्यमंत्री के समक्ष गौरव पथ निर्माण और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने जनहित में ये पांच घोषणाएं कीं।

इनकी रही उपस्थिति

इस अवसर पर ओंकारेश्वर शरण सिंह, सौभाग्य शरण सिंह, युवराज शरण सिंह, गर्विता सिंह, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, पूर्व विधायक कराबाई मनहर, पूर्व विधायक कामता जोल्हे, ज्योति पटेल, जगन्नाथ पाणिग्राही, सुभाष जलान, द्वारिका प्रसाद साहू, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋ षिकेश तिवारी सहित राजपरिवार के सदस्य, जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के पदाधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *