October 28, 2026

राशन दुकानों से चावल-शक्कर चोरी गिरोह के पांच आरोपी पकड़ाए

1 min read

जीपीएस ट्रैकर से चोरी पकड़ी, 115 बोरी चावल, 2 बोरी शक्कर सहित 38.60 लाख जब्त

रायगढ़. पुसौर थाना क्षेत्र में शासकीय राशन दुकानों से चावल और शक्कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 115 बोरी चावल, 2 बोरी शक्कर और वारदात में प्रयुक्त क्रेटा व इनोवा कार सहित कुल 38.60 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है। आरोपियों के विरुद्ध नकबजनी, चोरी की संपत्ति खरीदने और संगठित अपराध की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों से परेशान होकर सोसायटी संचालकों ने एसएसपी शशि मोहन सिंह से शिकायत की थी। उनके निर्देश पर थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह ने घटनाओं का विश्लेषण किया। चोरियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने राशन दुकान संचालकों को दुकानों में सुरक्षा बढ़ाने और जीपीएस ट्रैकर का उपयोग करने की सलाह दी। पुलिस की सलाह पर एक शक्कर की बोरी में जीपीएस ट्रैकर छिपाकर रखा गया। 25-26 अक्टूबर की दरमियानी रात ग्राम कोतमरा की शासकीय दुकान में चोरी हुई। आरोप लगाने वाला ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी भी चुरा ले गए। चोरी की सूचना मिलते ही थाना पुसौर में अपराध दर्ज कर पुलिस टीम जीपीएस ट्रैकर के संकेतों का पीछा करते हुए पत्थलगांव पहुंची। वहां एक राशन दुकान संचालक सेवाल कुजूर के पास ट्रैकर लगी बोरी मिली।

पूछताछ में सेवाल ने मोहम्मद हफीज, समीर आलम, डमरूधर खूंटे और संतोष कुमार माहेश्वरी द्वारा चोरी का माल बेचने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह के तार अन्य सक्रिय समूहों से भी जुड़े हो सकते हैं, जिसकी आगे जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *