यूनिटी मेटा टोकन के नाम पर ठगी,11.60 लाख की धोखाधड़ी
1 min read
खेेत बेचकर किया निवेश, मूल मिला न लाभ
आरोपी गजुला मोहन पूर्व में भी धोखाधड़ी में वांछित
साइबर पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
रायगढ़. अंतरराष्ट्रीय करेंसी एवं डिजिटल टोकन में निवेश कर अधिक मुनाफे का लालच देकर 11.60 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने वाले तीन आरोपियों को साइबर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने यूनिटी मेटा टोकन और बीड क्वाइन में निवेश के नाम पर ओडिशा निवासी एक युवक से यह ठगी की। पीडि़त विक्रम परिडा (26), निवासी ग्राम डिपाटपुर, जिला गंजाम (ओडिशा), वर्तमान निवासी कसेर पारा, चक्रधरनगर, रायगढ़ ने शिकायत दर्ज कराई थी। युवक की पहचान गजुला मोहन से हुई, जिसने उसे डिजिटल टोकन में निवेश कर लाभ कमाने का झांसा दिया। उसकी बातों में आकर पीडि़त ने अपना खेत बेचकर 25 जुलाई 2024 से 3 सितंबर 2024 के बीच कुल 11 लाख 60 हजार रुपए का निवेश किया। आरोपियों ने रकम प्राप्त करने के लिए चंदन दास और भावेश पटेल के बैंक खातों का उपयोग किया। निवेश के बाद न तो युवक को कोई लाभ मिला और न ही उसकी मूल रकम वापस की गई। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी गजुला मोहन के विरुद्ध वर्ष 2025 में भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था, जिसमें वह न्यायालय से स्टे लेकर फरार चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर पुलिस ने बैंक खातों के लेन-देन और मोबाइल फोन के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
ओडिशा से मुंबई तक संपर्क
यह भी जानकारी मिली है कि मुख्य आरोपी गजुला मोहन के संपर्क ओडिशा और मुंबई तक होने तथा रकम आगे अन्य लोगों तक भेजे जाने के संबंध में भी जानकारी मिली है। इस पहलू पर पुलिस द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि ठगी की पूरी कड़ी, रकम के लेन-देन और अन्य संलिप्त व्यक्तियों का पता लगाया जा सके।
यह आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में गजुला मोहन, पिता मंगला डोरा, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम बरमपुर, थाना हिंजली, जिला गंजाम (ओडिशा), वर्तमान निवासी हिमालया हाइट्स, मकान नंबर नंबर 110, संजय नगर, थाना चक्रधरनगर, रायगढ़, चंदन दास, पिता बटाकृष्ण दास, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम साबामूला, थाना जगतसिंहपुर (ओडिशा), वर्तमान निवासी आशीष टोप्पो के मकान में, रायगढ़ स्टेडियम के पास, थाना चक्रधरनगर, रायगढ़ व भावेश पटेल, पिता जगतराम पटेल, उम्र 28 वर्ष, निवासी कारीछापर, थाना पुसौर, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार किया है।
