हर्ष फायर: विजयादशमी पर एसएसपी ने की हथियारों की पूजा
1 min read
शशि मोहन सिंह की मौजूदगी में अधिकारियों ने अस्त्र-शस्त्रों का पूजन किया
रायगढ़. विजयदशमी पर्व पर रायगढ़ पुलिस लाइन में हर वर्ष की तरह पारंपरिक और वैदिक विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह की मौजूदगी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक पुष्पेंद्र सिंह बघेल सहित जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शस्त्र पूजन में भाग लिया। पूजन से पहले पुलिस के सभी अस्त्र-शस्त्रों और वाहनों की साफ-सफाई कर उन्हें पूजा स्थल पर रखा गया। मां भगवती की आराधना करते हुए वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अस्त्र-शस्त्रों और वाहनों का पूजन किया गया। परंपरा के अनुसार देवी को प्रसन्न करने के लिए राखिया फल की बलि भी दी गई। पूजन के बाद विजयदशमी की परंपरा का निर्वहन करते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह सहित उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों ने हर्ष गोलीबारी की। इस अवसर पर डीएसपी उन्नति ठाकुर, सीएसपी राहुल उइके, डीएसपी रोहित शुक्ला, उत्तम प्रताप सिंह, सुशांतो बनर्जी, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह, कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी सहित पुलिस लाइन का पूरा अमला उपस्थित रहा। शशि मोहन सिंह ने जिलेवासियों से आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने आश्वस्त किया कि रायगढ़ पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर है।
थाना व चौकियों में भी हुई पूूजा
विजयदशमी पर रायगढ़ जिले के सभी थाना और चौकी परिसरों में भी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में अस्त्र-शस्त्रों की साफ-सफाई कर विधिवत शस्त्र पूजन किया गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने जनसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और नागरिकों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
—————-
