गढ़उमरिया में शराब रेड के दौरान पुलिस टीम पर हमला
1 min read
तीन महिला और एक युवक गिरफ्तार
रायगढ़. अवैध शराब के निर्माण व बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान शासकीय कार्य में बाधा डालने और पुलिस दल से धक्का-मुक्की करने के आरोप में जूटमिल पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन महिलाएं और एक युवक शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा। 22 अक्टूबर की रात थाना जूटमिल पुलिस को ग्राम गढ़उमरिया निवासी पिताम्बर उर्फ फुंदु लहरे द्वारा अवैध रूप से शराब बेचने की सूचना मिली। प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या बंजारे के नेतृत्व में दल ग्राम गढ़उमरिया पहुंचा। पुलिस दल ने संदेही पिताम्बर लहरे को थैला लेकर भागते हुए पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके थैले से 66 पाव देशी मसाला शराब (11.880 बल्क लीटर) और 400 रुपए बिक्री रकम बरामद हुई। पुलिस दल कार्रवाई कर रहा था, तभी आरोपी पिताम्बर पुलिस के कब्जे से निकलकर भागने का प्रयास करने लगा।
इसी दौरान बीना लहरे, रजनी मिरी सहित अन्य महिलाओं ने मौके पर पहुंचकर प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या बंजारे से गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की की और पुलिस की कार्रवाई में बाधा डाली। पुलिस बल ने स्थिति नियंत्रित कर सभी आरोपियों को हिरासत में लिया। अवैध शराब बरामदगी के मामले में थाना जूटमिल में आबकारी अधिनियम की धाराओं में अपराध दर्ज किया गया। वहीं, शासकीय कार्य में बाधा डालने, लोक सेवक को कर्तव्य निर्वहन से रोकने तथा आपराधिक बल के एक्सपेरिमेंट सहित अन्य आरोपों में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में दूसरा मामला दर्ज किया गया।
यह गिरफ्तार
पिताम्बर उर्फ फुंदु लहरे (24), बीना लहरे (26), दुमेश्वरी लहरे (50) और रजनी मिरी (30) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अवैध शराब कारोबारियों और शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
