October 28, 2026

केलो डेम लूटकांड का चौथा आरोपी गिरफ्तार, युवती का मोबाइल बरामद 

1 min read

कोतवाली पुलिस ने फरार मोहम्मद मोफिद आलम को पकड़ा

रायगढ़. केलो डेम लूटकांड के चौथे आरोप मोहम्मद मोफिद आलम (20 वर्षीय) को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीडि़त युवती का लूटा हुआ मोबाइल, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और उसका मोबाइल जब्त किया है। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन अन्य आरोपियों सोहेल अंसारी (23), रणवीर कुमार (22) और रामकुमार मेहता (24) को गिरफ्तार कर चुकी है। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने मामले में शामिल सभी चार आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई पूरी की है। यह घटना 11 अक्टूबर की शाम को हुई थी। शिकायतकर्ता सानू सारथी (22 वर्षीय) अपनी महिला मित्र के साथ केलो डेम से लौट रहे थे, तभी 3-4 अज्ञात युवकों ने उन्हें रोककर मारपीट की। आरोपियों ने सानू से 1,500 रुपए नगद, उसका मोबाइल और उसकी महिला मित्र का मोटोरोला मोबाइल लूट लिया था। शिकायत के बाद थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। पूर्व में गिरफ्तार रामकुमार मेहता से युवक का आईफोन 12 और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त हुई थी।

रामकुमार ने युवती का मोबाइल फरार मोहम्मद मोफिद आलम के पास होने की बात बताई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मोफिद आलम को गिरफ्तार किया। कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पहचान के बाद आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *