November 5, 2026

घरघोड़ा साइडिंग समस्याओं पर युवा कांग्रेस ने खोला मोर्चा

1 min read

कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, 15 दिन में समस्या का निराकरण होने पर आंदोलन की चेतावनी

रायगढ़। घरघोड़ा रेलवे साइडिंग और कोयला परिवहन से जुड़ी लगातार बढ़ती समस्याओं को लेकर जिला युवा कांग्रेस रायगढ़ ग्रामीण के अध्यक्ष उस्मान बेग ने बुधवार को कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सड़क की बदहाली, लगातार हो रही दुर्घटनाओं, ओवरलोडिंग, जाम, धूल प्रदूषण, कोयला परिवहन में हेराफेरी और स्थानीय निकाय के राजस्व सहित कई गंभीर मुद्दे उठाए गए। उस्मान बेग ने बताया कि पूर्व में इसी मार्ग पर दुर्घटना में एक चालक की मौत हो चुकी है और हाल ही दोबारा ट्रेलर पलटा है। इसके बावजूद सड़क और सुरक्षा व्यवस्था में स्थायी सुधार नहीं हुआ है। ज्ञापन में प्रमुख रूप से साइडिंग मार्ग की जर्जर सड़कों का स्थायी निर्माण, ओवरलोड वाहनों की जांच, जाम रोकने के लिए पार्किंग व्यवस्था, हाईमास्ट लाइट कार्य पूरे करना, स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाना, नियमित पानी का छिड़काव तथा कोयला वाहनों को ढंककर चलाने की मांग की गई। साथ ही, ट्रांसपोर्टरों और साइडिंग प्रबंधन की जवाबदेही तय करने, बाहरी कर्मचारियों का सत्यापन, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता और दुर्घटना में मृत चालक के परिवार को न्याय दिलाने की मांग भी रखी गई। नगर पंचायत की भूमि के उपयोग की जांच कर नियमानुसार किराया दिलाने की बात भी कही गई।

कोयला हेराफेरी की आशंका पर भी सवाल उठाए गए। गारे पेलमा स्थित सीएसपीडीसीएल माइंस से निकले कई गाड़ी हर दिन दूसरे जगह कोयला भेजने की शिकायत की गई। उस्मान बेग ने बताया कि इस संबंध में एसडीएम और थाना प्रभारी घरघोड़ा को पहले ही लिखित आवेदन दिया जा चुका है। उन्होंने कोयला परिवहन के वाहन नंबर, कांटा पर्ची और कोयले की मात्रा का मिलान कराकर जांच की मांग की।

कार्रवाई का मिला आश्वासन

कलेक्टर ने उठाए गए मुद्दों पर संबंधित विभागों से जांच और आवश्यक कार्रवाई कराने का भरोसा दिया। युवा कांग्रेस ने प्रशासन को 15 दिन की समय-सीमा दी है। उस्मान बेग ने स्पष्ट किया कि इस अवधि में ठोस कार्रवाई नहीं होने पर स्थानीय नागरिकों के साथ रेलवे साइडिंग के सामने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन और विधिसम्मत आंदोलन किया जाएगा।

इनकी रही उपस्थिति

ज्ञापन सौंपने के दौरान उस्मान स्मान बेग के साथ उपाध्यक्ष नगर पंचायत अमित त्रिपाठी, लीलाधर साहू, दया शंकर बेहरा, संजय डोंडे, आदित्य दासे, रामजी स्वर्णकार, तोष साहू, शिवम गुप्ता समेत भारी संख्या में युवा नेता उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *