झाड़-फूंक के नाम पर युवती से दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार
1 min read
अंधविश्वास का सहारा लेकर युवती को घरघोड़ा बुलाया गया
बेहोश कर युवक ने दुष्कर्म किया
रायगढ़। घरघोड़ा थाना पुलिस ने झाड़-फूंक के नाम पर एक युवती से दुष्कर्म करने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को 8 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की पड़ताल और विवेचना शुरू की गई। पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल और उसकी महिला सहयोगी गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत में प्रेम संबंध में थे। उन्होंने योजना बनाई कि युवती को झाड़-फूंक के बहाने घरघोड़ा बुलाया जाएगा। पूजा-पाठ के दौरान उसे अभिमंत्रित जल बताकर नींद की दवा मिला पानी पिलाकर बेहोश कर दिया जाएगा। योजना के अनुसार, युवती को बेहोश करने के बाद चंद्र कुमार जायसवाल ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर घरघोड़ा पुलिस ने चंद्र कुमार जायसवाल, निवासी ग्राम टांडीपार, थाना सारंगढ़, हाल मुकाम लैलूंगा, रायगढ़ और गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत, निवासी ग्राम गेरसा सुकवासीपारा, थाना धरमजयगढ़, रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू और सहायक उप निरीक्षक खेमराज पटेल सहित स्टाफ ने की।
झाड़ फूंक के झांसे में आने से बचे
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने संदेश दिया है कि अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं। किसी भी प्रकार के शोषण एवं अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
