October 28, 2026

कलेक्शन एजेंट ने 40 महिलाओं से हड़पे 7.58 लाख

मोबाइल बंद कर हैदराबाद हुआ फरार

सिटी कोतवाली पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा

रायगढ़. सिटी कोतवाली पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट विक्रम सिंह सिदार (20 वर्ष) को हैदराबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 40 महिला हितग्राहियों से लोन की किस्त और लोन क्लोज करने के नाम पर कुल 7,58,937 का गबन करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को हैदराबाद की एक कपड़े की दुकान से पकड़ा और रायगढ़ लाकर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते 31 अगस्त 2026 को भारत फाइनेंशियल इनक्लूजन लिमिटेड, रायगढ़ शाखा के प्रबंधक वासुदास मानिकपुरी ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कलेक्शन एजेंट विक्रम सिंह सिदार ने सितंबर 2023 से अगस्त 2024 के दौरान 40 महिला हितग्राहियों से लोन की किस्तें और बकाया ऋण राशि ली, पर कंपनी में जमा नहीं की। हितग्राहियों की कुल बकाया राशि 7,58,937 थी। संपर्क करने पर आरोपी ने रकम जमा करने की बात कही, लेकिन बाद में मोबाइल बंद कर फरार हो गया। सिटी कोतवाली थाने में धारा 316(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की गई। आरोपी विक्रम सिंह सिदार, निवासी अमेराडीह, वार्ड क्रमांक 03, पोस्ट पिहरीद, थाना मालखरौदा, जिला सक्ती, के हैदराबाद में होने की सूचना मिली।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम

ऐसे में कोतवाली पुलिस टीम हैदराबाद रवाना हुई। टीम ने बंजारा हिल्स क्षेत्र में पतासाजी कर आरोपी को एक कपड़े की दुकान में सेल्समैन के रूप में पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने गबन की रकम खर्च करना बताया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *