October 30, 2026

शेयर में ज्यादा मुनाफा का लालच देकर 34 लाख की ऑनलाइन ठगी

1 min read

इंदौर साइबर सिंडिकेट का खुलासा, तीन महिला सहित 5 आरोपी गिरफ्तार 

शेयर ट्रेडिंग के नाम पर की थी ठगी 

रायगढ़. शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 34 लाख रुपए से अधिक की ऑनलाइन ठगी के मामले में रायगढ़ पुलिस ने मध्य प्रदेश के इंदौर में दबिश देकर तीन युवतियों और दो युवकों सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस विवेचना में इंदौर के एक कॉल सेंटर से जुड़े साइबर नेटवर्क, म्यूल बैंक खातों और सिम कार्ड के जरिए ठगी की रकम का लेनदेन सामने आया। आरोपियों की गिरफ्तारी से साइबर थाना रायगढ़ में दर्ज दो अपराधों का खुलासा हुआ है। इनमें सोनकरपारा, रायगढ़ निवासी डॉ. दिलीप कुमार मिश्रा से शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर 34,17,531 रुपए की ठगी का मामला भी शामिल है। दूसरे मामले में बैंक खाते के कथित दुरुपयोग और कमीशन के जरिए रकम प्राप्त करने की भूमिका सामने आई है।

पुलिस के अनुसार डॉ. दिलीप कुमार मिश्रा ने मार्च 2025 में सुनील नामक व्यक्ति के संपर्क में आने के बाद स्पार्टन ट्रेड कंपनी में 34.17 लाख रुपए से अधिक का निवेश किया था, लेकिन रकम नहीं निकाल पाए। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने शिकायत की। दूसरे मामले में सूरज शर्मा के बैंक खाते का साइबर ठगी में इस्तेमाल होने और उसे कमीशन मिलने के तथ्य सामने आए, जिसके बाद गायत्री विश्वकर्मा और सूरज शर्मा पर भी अपराध दर्ज किया गया।

 

इंदौर पहुंची पुलिस टीम

पुलिस टीम ने इंदौर के पलासिया क्षेत्र में कॉल सेंटर पर दबिश दी और गायत्री विश्वकर्मा, तनिषा पाटिल को पकड़ा। ज्योति मालवीय को विजय नगर से, तरुण नागर को परदेशीपुरा से व सूरज शर्मा को खरसिया से गिरफ्तार किया गया। इन आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने इनके मोबाइल फोन जब्त किए हैं और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।

क्या कहते हैं एसएसपी 

एसएसपी शशि मोहन सिंह का कहना है कि साइबर अपराधी शेयर ट्रेडिंग में अत्यधिक मुनाफे का लालच देकर लोगों की मेहनत की कमाई ठग रहे हैं। नागरिक किसी भी अनजान व्यक्ति या कंपनी के झांसे में आकर निवेश न करें। अपने बैंक खाते, सिम कार्ड और पहचान संबंधी दस्तावेज किसी अन्य व्यक्ति को इस्तेमाल करने के लिए न दें। साइबर अपराधों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

इनकी रही मुख्य भूमिका

मामले का खुलासा करने वाली टीम में थाना प्रभारी सइबर निरीक्षक विजय चेलक, निरीक्षक विमल राय, एएसआई नंद कुमार सारथी, आरक्षक महेश पंडा, पुष्पेन्द्र जाटवर, प्रशांत पंडा, जितेन्द्र कुर्रे, रविन्द्र गुप्ता, धर्मेन्द्र सिंह, विकास प्रधान एवं महिला आरक्षक लता नारंगे, यशोमति की अहम भूमिका  रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *