October 30, 2026

रायगढ़ में एनटीपीसी लारा का 4800 मेगावॉट विस्तार की योजना 

1 min read

एनटीपीसी लारा ने 84 प्रतिशत वार्षिक पीएलएफ के साथ दूसरा स्थान पाया

रायगढ़. एनटीपीसी लारा ने प्रेस मीट का आयोजन किया। इस दौरान संयंत्र के परिचालन प्रदर्शन, भविष्य की विस्तार योजनाओं और सामुदायिक विकास पहलों पर जानकारी साझा की गई। वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर 2026 तक के परिचालन प्रदर्शन के अनुसार, एनटीपीसी लारा ने 84 प्रतिशत वार्षिक प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) व 86.28 प्रतिशत मासिक पीएलएफ के साथ एनटीपीसी स्टेशनों में दूसरा स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त स्टेशन ने 5.91 प्रतिशत वार्षिक और 5.85 प्रतिशत मासिक सहायक विद्युत खपत (एपीसी) के साथ दूसरा सबसे कम स्तर दर्ज किया। वहीं 0.47 प्रतिशत का वार्षिक साइकिल मेकअप एनटीपीसी स्टेशनों में सबसे कम रहा। प्रबंधन का कहना है कि यह उपलब्धियां संयंत्र की परिचालन दक्षता और संसाधनों के प्रभावी उपयोग को दर्शाती हैं। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख सुभाष ठाकुर ने मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए विद्युत उत्पादन, परिचालन दक्षता, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और भविष्य की विकास योजनाओं पर जानकारी दी। उन्होंने एनटीपीसी लारा की उत्पादन क्षमता को 4,800 मेगावॉट तक विस्तारित करने की प्रस्तावित योजना व सौर ऊर्जा और तकनीकी उन्नयन से जुड़ी पहलों पर भी प्रकाश डाला। प्रेस मीट के दौरान परियोजना प्रभावित गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विकास, कौशल विकास व कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत संचालित विभिन्न सामुदायिक पहलों पर भी चर्चा हुई। इन प्रयासों से आसपास के समुदायों के जीवन स्तर में सुधार, सतत विकास को प्रोत्साहन और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

ऊर्जा क्षेत्र में एनटीपीसी का योगदान 

भारत की बढ़ती ऊर्जा मांग को पूरा करने में एनटीपीसी एक महत्तवपूर्ण भूमिका निभाता है। देश की कुल विद्युत उत्पादन क्षमता में इसका बड़ा योगदान है। लारा जैसे संयंत्र न केवल बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करते हैं, बल्कि स्थानीय समुदायों के सामाजिक-आर्थिक विकास में भी सहायक होते हैं। पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक विकास पर एनटीपीसी का जोर इसे एक जिम्मेदार ऊर्जा उत्पादक बनाता है, जो सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने में मदद करता है।

इनकी रही उपस्थिति

कार्यक्रम में एम. श्रीनाथ, महाप्रबंधक (ओएंडएम), राजन कुमार श्रीवास्तव, महाप्रबंधक (परियोजना), उदागिरी वी.वी.एस. श्रीनिवास राव (मेंटेनेंस), जाकिर खान, अपर महाप्रबंधक (एचआर) व सुधीर दहिया, अपर महाप्रबंधक (ईएमजी) सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *