October 30, 2026

राज्यस्तरीय खेलकूद: कांकेर ने बास्केटबॉल, फुटबॉल खिताब जीते

1 min read

रायगढ़ ने टेबल टेनिस में एकल-युगल स्वर्ण जीते

योग, शतरंज में भी खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन। 

 रायगढ़। विकासखंड स्थित एकलव्य आदर्श अवासीय विद्यालय छर्राटांगर में चल रही राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 के दूसरे दिन विभिन्न स्पर्धाओं के रोमांचक मुकाबले हुए। आठ क्लस्टरों के लगभग 515 बालक खिलाड़ियों ने खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन कांकेर क्लस्टर का खेलों में दबदबा रहा। कांकेर ने बास्केटबॉल और फुटबॉल प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया। बास्केटबॉल में बस्तर दूसरे और बलरामपुर तीसरे पर रहे, वहीं फुटबॉल में बलरामपुर और सुकमा क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। खो-खो में भी कांकेर क्लस्टर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, धमतरी दूसरे और बलरामपुर तीसरे पर रहे। टेबल टेनिस स्पर्धा में रायगढ़ के खिलाड़ियों ने अपूर्व प्रदर्शन किया। अंडर-19 बालक एकल वर्ग में रायगढ़ के विनय कुमार ने स्वर्ण पदक जीता। अंडर-14 एकल वर्ग में सागर ध्रुव और युगल वर्ग में सागर ध्रुव व तुषारांशु ध्रुव की जोड़ी ने पहला स्थान हासिल किया।

शतरंज के अंडर-14 बालक वर्ग में एकलव्य विद्यालय मैनपाट के आकाश टोप्पो प्रथम रहे, जबकि अंडर-19 वर्ग में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के नारद सिंह ने पहला स्थान हासिल किया। योग की विभिन्न स्पर्धाओं में सरगुजा क्लस्टर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आर्टिस्टिक पेयर और रिदमिक योग के दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता 29 अक्टूबर को समाप्त होगी। यह आयोजन जनजातीय विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और टीम भावना विकसित करने का अवसर दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *