पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कार से चिट्टा-पिस्टल बरामद
नशे व अवैध हथियारों के विरुद्ध अभियान में मिली सफलता
आरोपी लीनेश बंसोड़ उर्फ बाडू पकड़ाया
बालोद. जिले में नशे और अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बालोद पुलिस ने सफलता प्राप्त की है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और बालोद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नया बस स्टैंड के पीछे खड़ी एक कार से हेरोइन (चिट्टा) और एक देसी पिस्टल बरामद की है। इस प्रकरण में एक आरोपी लीनेश बंसोड़ उर्फ बाडू को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना और अनुविभागीय अधिकारी विनय साहू के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को 28 अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि नया बस स्टैंड के पीछे सफेद रंग की टाटा हेक्सा कार क्रमांक सीजी 17 केएम 4455 खड़ी है। मुखबिर ने बताया कि कार की चालक सीट पर बैठा युवक अपने पास चिट्टा और देसी पिस्टल रखा हुआ है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल गवाहों को साथ लेकर मौके पर दबिश दी। कार में बैठे युवक से पूछताछ में उसने अपना नाम लीनेश बंसोड़ उर्फ बाडू, पिता सुनील बंसोड़, उम्र 25 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 21 रेलवे कॉलोनी राजहरा, थाना दल्लीराजहरा बताया। पुलिस ने विधिवत तशवी के बाद कार से प्रतिबंधित हेरोइन (चिट्टा) और एक देसी पिस्टल जब्त की। आरोपी लीनेश बंसोड़ को मौके से गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह मादक पदार्थ और हथियार कहां से लाया था और उसका वितरण कहां करने वाला था। इस कार्रवाई से जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में सहायता मिलेगी।
नशे के खिलाफ पुलिस का कड़ा रुख
बालोद जिले में पुलिस प्रशासन नशे के कारोबार और अवैध हथियारों के विरुद्ध लगातार अभियान चला रहा है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और अपराधों पर नियंत्रण के लिए यह मुहिम महत्त्वपूर्ण है। पुलिस द्वारा सूचना तंत्र को मजबूत कर ऐसे तत्व पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, जो समाज में अवैध गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं।
